मुख्य सचिव की अध्यक्षता में NCAP की 6वीं बैठक सम्पन्न, वायु गुणवत्ता सुधार पर दिए सख्त निर्देश

मुख्य सचिव की अध्यक्षता में NCAP की 6वीं बैठक सम्पन्न, वायु गुणवत्ता सुधार पर दिए सख्त निर्देश
Spread the love

देहरादून। मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में आज सचिवालय में National Clean Air Programme (NCAP) की संचालन समिति की 6वीं बैठक सम्पन्न हुई। बैठक के दौरान नगर निगम देहरादून, ऋषिकेश एवं काशीपुर के वायु गुणवत्ता सुधार कार्यक्रमों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

मुख्य सचिव ने कहा कि वायु प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सभी संबंधित विभागों एवं एजेंसियों को गंभीरता से कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने NCAP के अंतर्गत स्वीकृत कार्ययोजना एवं प्रत्येक गतिविधि की स्पष्ट टाइमलाइन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

उन्होंने संबंधित विभागों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में वायु प्रदूषण के सभी घटकों पर कार्य करते हुए समन्वित कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही, शहर स्तरीय समितियों एवं राज्य स्तरीय समिति की बैठकें निर्धारित समय पर आयोजित कर कार्ययोजना के अनुपालन को सुनिश्चित करने को कहा।

मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के साथ परिवहन विभाग, लोक निर्माण विभाग एवं शहरी विकास विभाग की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने आमजन में जागरूकता बढ़ाने के लिए निरंतर जागरूकता कार्यक्रम संचालित करने तथा वृक्षारोपण अभियान चलाने के निर्देश दिए।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रदूषण को कम करने के उपायों के साथ-साथ वायु गुणवत्ता की सटीक जानकारी आमजन तक पहुँचाना भी आवश्यक है। इसके लिए शहर के विभिन्न स्थानों पर डिजिटल डिस्प्ले के माध्यम से वायु प्रदूषण की जानकारी प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में सचिव श्री सी. रविशंकर, सदस्य सचिव यूकेपीसीबी डॉ. पराग मधुकर धकाते, एमएनए नगर निगम देहरादून श्रीमती नमामि बंसल सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles