नाबालिग के अपहरण व दुष्कर्म मामले में फरार 5 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार
हरिद्वार। पुलिस ने नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे एक इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा ₹5000 का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस के अनुसार 29 जनवरी 2026 को कमल राम निवासी बलियो चिलकहर, उत्तर प्रदेश ने थाना सिडकुल में तहरीर देकर बताया था कि उनकी नाबालिग पुत्री को अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया है। इस संबंध में थाना सिडकुल में मामला दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने 2 फरवरी 2026 को अपहृत नाबालिग को बरामद कर लिया था। मामले की विवेचना में आरोपी राहुल पुत्र करण सिंह निवासी नहटोर थाना नहटोर, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी हेतमपुर रोशनाबाद थाना सिडकुल जनपद हरिद्वार का नाम प्रकाश में आया। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था, जिस पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा ₹5000 का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस टीम ने मोबाइल सर्विलांस की मदद से आरोपी की लोकेशन का पता लगाते हुए 14 मार्च 2026 को महिंद्रा चौक क्षेत्र से उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक मनीषा नेगी और कांस्टेबल मनीष की टीम शामिल रही।
