पॉक्सो एक्ट का 25 हजार का इनामी आरोपी हरिद्वार से गिरफ्तार, छह माह से फरार चल रहा था अभियुक्त

पॉक्सो एक्ट का 25 हजार का इनामी आरोपी हरिद्वार से गिरफ्तार, छह माह से फरार चल रहा था अभियुक्त
Spread the love

देहरादून। दून पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए पॉक्सो एक्ट के एक 25 हजार रुपये के इनामी वांछित आरोपी को हरिद्वार से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पिछले करीब छह माह से पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।

पुलिस के अनुसार, कोतवाली डोईवाला में दर्ज मुकदमे में एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि उसके पड़ोस में किराये पर रहने वाले कैलाश ने उसकी मानसिक रूप से अस्वस्थ नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं तथा पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया था। पुलिस ने लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी की तलाश जारी रखी। लंबे समय तक गिरफ्तारी से बचने पर आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।

तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर कोतवाली डोईवाला एवं एसओजी ग्रामीण की संयुक्त टीम ने 12 जुलाई 2026 को हरिद्वार के अलीपुर इब्राहिमपुर स्थित ओम पैकेजिंग फैक्ट्री के पास से आरोपी कैलाश चंद्र को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।

इस कार्रवाई में एसओजी ग्रामीण प्रभारी निरीक्षक खुशी राम पाण्डेय, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मनोहर सिंह रावत, उपनिरीक्षक विनोद राणा, कांस्टेबल अजय रावत, हेड कांस्टेबल विपिन सैनी, कांस्टेबल सोनी कुमार, कांस्टेबल मनोज कुमार, कांस्टेबल विपिन राणा तथा महिला कांस्टेबल जमुना नेगी शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles