40 लाख रुपये की ठगी का आरोपी गिरफ्तार
देहरादून पुलिस ने 05 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त मोहित पांचाल को गिरफ्तार कर लिया है। मोहित पेशे से आर्किटेक्ट है और उसने अपने साथी आर्किटेक्ट के साथ मिलकर एमडीडीए का फर्जी नक्शा बनाकर अपार्टमेंट निर्माण के एवज में 40 लाख रुपये की ठगी की थी।
पुलिस ने अभियुक्त के साथी आर्किटेक्ट को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, लेकिन मोहित पांचाल तब से ही फरार चल रहा था। उसके लगातार फरार रहने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून ने मोहित की गिरफ्तारी पर 05 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
मोहित पांचाल पर आरोप है कि उसने अपार्टमेंट निर्माण के लिए एमडीडीए से नक्शा पास कराने के नाम पर 40 लाख रुपये की धोखाधड़ी की थी। थाना बसंत विहार में इसके खिलाफ मु0अ0सं0: 60/24 धारा 420/467/468/471/120 बी आईपीसी के तहत मामला दर्ज है। इस मामले में उसके साथी को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि मोहित लगातार फरार था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर राज्य में इनामी और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना बसंत विहार की टीम ने मोहित पांचाल की गिरफ्तारी के लिए सुरागरसी और पतारसी करते हुए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। साथ ही सर्विलांस की मदद से अभियुक्त के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिशें दी गईं।
मुखबिर की सूचना और सर्विलांस की सहायता से पुलिस ने मोहित पांचाल को उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर के छपरौला बदलपुर इलाके से गिरफ्तार कर लिया है।
थाना बसंत विहार पुलिस द्वारा मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
