संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस करेगी कब्र से शव निकालकर पोस्टमार्टम
देहरादून।बसंत विहार क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मृत्यु के बाद मृतका के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। इसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला की मौत की सूचना ससुराल पक्ष द्वारा जहर खाने की बताई गई थी, परंतु शव को बिना परिजनों को दिखाए दफना दिया गया।
मृतका के शरीर और गले पर चोट के निशान होने की जानकारी मिलने पर परिजनों ने हत्या का संदेह जताया, जिसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच के लिए शव को कब्र से बाहर निकालने और पोस्टमार्टम कराने का निर्णय लिया है।
23 सितंबर 2024 को थाना बसंत विहार में मुमताज, पुत्री रऊफ मरहूम, निवासी मौ0 मलकान बसी, किरतपुर बिजनौर द्वारा एक लिखित शिकायत दी गई। इसमें उन्होंने अपनी बेटी फरहा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के संबंध में जानकारी दी। फरहा का विवाह वर्ष 2011 में सलीम पुत्र जरीफ, निवासी बसंत विहार, देहरादून से हुआ था।
मुमताज को 18 सितंबर 2024 को फरहा के ससुराल वालों द्वारा सूचित किया गया कि उनकी बेटी की मृत्यु जहर खाने से हो गई है। सूचना मिलने पर मुमताज और उनका परिवार तुरंत कांवली गांव, देहरादून पहुंचा, लेकिन तब तक फरहा का शव बिना परिजनों को दिखाए दफनाया जा चुका था। बाद में परिजनों को पता चला कि फरहा के शरीर, विशेष रूप से गले और पीठ पर चोट के निशान थे, जिससे उन्हें शक हुआ कि फरहा की हत्या की गई है।
इस आधार पर थाना बसंत विहार में मुकदमा संख्या 194/24 धारा 103(1) और 238 भारतीय दंड संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून ने निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए और सभी संभावित पहलुओं की गहनता से जांच का आदेश दिया।
इसके अलावा, पुलिस ने जिला मजिस्ट्रेट से मृतका के शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम कराने की अनुमति मांगी, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। जिला मजिस्ट्रेट द्वारा अनुमति प्रदान किए जाने के बाद, पुलिस जल्द ही शव को कब्र से बाहर निकालकर आवश्यक साक्ष्य एकत्र करेगी और मामले की जांच को आगे बढ़ाएगी।
थाना बसंत विहार पुलिस द्वारा मामले में जल्द से जल्द साक्ष्य एकत्र कर दोषियों को कानून के दायरे में लाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
