नौकरी का झांसा देकर ₹2.50 लाख ठगने वाला 2 साल से फरार आरोपी अमरोहा से गिरफ्तार

अल्मोड़ा। नौकरी दिलाने के नाम पर ₹2.50 लाख की धोखाधड़ी कर दो वर्ष से फरार चल रहे आरोपी को अल्मोड़ा पुलिस ने अमरोहा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) चंद्रशेखर घोडके के निर्देशन में भतरौजखान पुलिस और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में यह सफलता मिली।
पुलिस के अनुसार, 5 जुलाई 2024 को ग्राम रूदबो, भतरौजखान निवासी भगत सिंह नेगी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि सुरेश सिंह नेगी ने उनके पुत्र को नौकरी दिलाने का झांसा देकर ₹2.50 लाख की ठगी की। शिकायत के आधार पर थाना भतरौजखान में मुकदमा संख्या 29/2024, धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी लगातार फरार रहा। न्यायालय से उसे फरार घोषित कराया गया तथा उसके खिलाफ कुर्की की कार्रवाई और गैर-जमानती वारंट (NBW) भी जारी किया गया।
थानाध्यक्ष अवनीश कुमार एवं प्रभारी एसओजी/सर्विलांस सुनील धानिक के नेतृत्व में गठित टीम ने सर्विलांस, तकनीकी विश्लेषण और लगातार सुरागरसी के आधार पर आरोपी का पता लगाया। 27 जुलाई 2026 को पुलिस ने आरोपी सुरेश सिंह नेगी (49 वर्ष), पुत्र बहादुर सिंह नेगी, निवासी पाण्डेकोटा, थाना रानीखेत, जनपद अल्मोड़ा को अमरोहा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में अपर उपनिरीक्षक करतार सिंह, अपर उपनिरीक्षक फिरोज खान एवं हेड कांस्टेबल देवेन्द्र प्रताप सिंह शामिल रहे।

