नगरासू गुरुद्वारा प्रकरण पर प्रशासन और पुलिस सतर्क, हेमकुंड साहिब व चारधाम यात्रा पूरी तरह सुचारु

नगरासू गुरुद्वारा प्रकरण पर प्रशासन और पुलिस सतर्क, हेमकुंड साहिब व चारधाम यात्रा पूरी तरह सुचारु
Spread the love

रुद्रप्रयाग। नगरासू स्थित गुरुद्वारा साहिब में 20 जून को हुए विवाद के बाद जिला प्रशासन और पुलिस ने स्थिति पर पूरी तरह नियंत्रण बनाए रखा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि श्री हेमकुंड साहिब यात्रा एवं चारधाम यात्रा पूरी तरह सुचारु रूप से संचालित हो रही है और कहीं भी किसी प्रकार का व्यवधान नहीं है।

पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने बताया कि गुरुद्वारे में सेवादारों और कुछ निहंग सिख यात्रियों के बीच कहासुनी की सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। कुछ निहंग सिख गुरुद्वारे की छत पर चले गए थे, जिनसे प्रशासन, पुलिस और गुरुद्वारा प्रबंधन समिति लगातार संवाद कर रही है। वार्ता के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और समाधान की दिशा में प्रयास जारी हैं।

प्रशासन ने सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही भ्रामक खबरों का खंडन करते हुए कहा कि गुरुद्वारे पर किसी प्रकार का कब्जा नहीं किया गया है और न ही किसी को बंधक बनाया गया है। गुरुद्वारे में लंगर, अरदास और अन्य धार्मिक गतिविधियां सामान्य रूप से जारी हैं। श्रद्धालु एवं यात्री भी नियमित रूप से गुरुद्वारे में आ-जा रहे हैं और अपनी यात्रा जारी रखे हुए हैं।

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि श्री हेमकुंड साहिब यात्रा और चारधाम यात्रा पूरी तरह सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से संचालित हो रही है। सभी यात्रा मार्ग खुले हैं और यातायात व्यवस्था सामान्य बनी हुई है। उन्होंने श्रद्धालुओं से केवल प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने तथा अफवाहों से दूर रहने की अपील की।

पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त रूप से सभी नागरिकों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने तथा अपुष्ट सूचनाओं को साझा न करने का अनुरोध किया है।

देवभूमि खबर

Related articles