केदारनाथ यात्रा व्यवस्थाओं पर प्रशासन सख्त, डीएम व एसपी ने किया व्यापक निरीक्षण
रुद्रप्रयाग। श्री केदारनाथ धाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुगम बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन अलर्ट मोड में कार्य कर रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के नेतृत्व में धाम क्षेत्र का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक, यात्रा मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, विभागीय अधिकारी, तीर्थ पुरोहित, बीकेटीसी और केदार सभा के सदस्यों ने व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। मंदिर प्रांगण, आस्था पथ, टोकन काउंटर सहित पूरे क्षेत्र में स्वच्छता, पेयजल, आवास, शौचालय, खाद्य सामग्री, सुरक्षा और क्यू मैनेजमेंट सिस्टम की बारीकी से जांच की गई।
जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं से संवाद कर उनके सुझाव सुने और भरोसा दिलाया कि सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उच्च स्तर की सतर्कता बनाए रखें और श्रद्धालुओं के साथ सौम्य व्यवहार करें। साथ ही मंदिर परिसर के आसपास जमी बर्फ को शीघ्र हटाने के निर्देश भी दिए गए।
केदार सभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी ने बताया कि प्रशासन द्वारा व्यवस्थाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ ब्लॉगर और यूट्यूबर द्वारा भ्रामक खबरें प्रसारित कर यात्रा की छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि वास्तविकता में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं दी जा रही हैं और दर्शन सुचारु रूप से चल रहे हैं।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यात्रा को सुरक्षित और श्रद्धालु-हितैषी बनाए रखने के लिए निरंतर निगरानी और त्वरित कार्रवाई की जा रही है। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, तीर्थ पुरोहित और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

