एसटीएफ व सितारगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 25 हजार का इनामी बदमाश मथुरा से गिरफ्तार

एसटीएफ व सितारगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 25 हजार का इनामी बदमाश मथुरा से गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून।उत्तराखण्ड एसटीएफ और सितारगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए हत्या के प्रयास और लूट के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश चेतन सिंह बिष्ट को मथुरा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया है। अभियुक्त लंबे समय से फरार था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था।

पुलिस के अनुसार, अभियुक्त चेतन सिंह बिष्ट ने अपने साथियों के साथ फरवरी 2025 में सितारगंज क्षेत्र में एक परचून की दुकान में लूट की घटना को अंजाम दिया था। विरोध करने पर दुकानदार पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर फरार हो गया था। इस मामले में दो अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

एसटीएफ को तकनीकी इनपुट और सटीक सूचना मिलने के बाद टीम ने मथुरा रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। अभियुक्त उत्तराखण्ड और उत्तर प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर नाम और पहचान छिपाकर रह रहा था तथा अन्य आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहा था।
पुलिस ने बताया कि चेतन सिंह बिष्ट के खिलाफ नैनीताल जनपद में पहले से ही चोरी और लूट के कई मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद उसे अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए संबंधित थाने को सौंप दिया गया है।

इस कार्रवाई में उत्तराखण्ड एसटीएफ और कोतवाली सितारगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

देवभूमि खबर

Related articles