कृषि मेले और विकसित कृषि संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर कृषि मंत्री गणेश जोशी ने की बैठक

कृषि मेले और विकसित कृषि संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर कृषि मंत्री गणेश जोशी ने की बैठक
Spread the love

देहरादून।कृषि मंत्री गणेश जोशी ने आज हाथीबड़कला स्थित कैंप कार्यालय में आगामी 14-15 जून को देहरादून के गढ़ीकैंट स्थित महिंद्रा ग्राउंड में आयोजित होने वाले एग्री मित्र 2025 कृषि मेले की तैयारियों को लेकर विभागीय अधिकारियों और विभिन्न कृषि विश्वविद्यालयों के कुलपतियों के साथ बैठक की। मंत्री जोशी ने कहा कि यह मेला उत्तराखंड को वैश्विक कृषि मंच पर पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।

उन्होंने बताया कि दो दिवसीय मेले में देशभर के किसान, एफपीओ, स्टार्टअप्स, विश्वविद्यालय, अनुसंधान संस्थान, सहकारिता समितियां और स्वयं सहायता समूह भाग लेंगे। मेले में स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी, मोटे अनाज (मिलेट्स) पर चर्चा, वैज्ञानिक सत्र, और कृषि नवाचारों की प्रस्तुति जैसे कार्यक्रमों का आयोजन होगा।
मेले का उद्घाटन केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में होगा, जबकि समापन सत्र में गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत, उत्तराखंड के राज्यपाल गुरमीत सिंह, देश-विदेश के विशेषज्ञ और विभिन्न राज्यों के कृषि मंत्री उपस्थित रहेंगे।

मंत्री जोशी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेले की तैयारियों में कोई लापरवाही न हो। इसके साथ ही उन्होंने सभी विश्वविद्यालयों के कुलपतियों से आह्वान किया कि वे छात्रों की सहभागिता सुनिश्चित करें और कृषि विश्वविद्यालयों के स्टॉल लगाए जाएं। छात्रों के लिए पोस्टर प्रतियोगिता और अन्य कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

बैठक के दौरान विकसित कृषि संकल्प अभियान के अंतर्गत आगामी 29 मई से 12 जून तक राज्य में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की भी विस्तृत चर्चा हुई। मंत्री जोशी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक किसानों को कृषि की नई तकनीकों और योजनाओं की जानकारी देना है। उन्होंने अधिकारियों को दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि किसानों तक लाभ पहुंचाने के लिए अभियान को प्रभावी ढंग से चलाया जाए।

बैठक में कृषि निदेशक केसी पाठक, बागवानी मिशन निदेशक महेंद्र पाल, जैविक बोर्ड के एमडी विनय कुमार, डॉ. रतन कुमार, संयुक्त निदेशक दिनेश कुमार, भरसार यूनिवर्सिटी कुलपति प्रो. परमिंदर कौशल, ग्राफिक एरा के डॉ. एमके नोटियाल, देवभूमि यूनिवर्सिटी की डॉ. मनीषा, माया देवी यूनिवर्सिटी की डॉ. निशा शर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं विशेषज्ञ उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles