भराड़ीसैंण में 21 जून को होगा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन, तैयारियों को लेकर मुख्य विकास अधिकारी ने की बैठक

भराड़ीसैंण में 21 जून को होगा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन, तैयारियों को लेकर मुख्य विकास अधिकारी ने की बैठक
Spread the love

चमोली,l।आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के भव्य कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक त्रिपाठी ने शनिवार को विधानसभा परिसर, भराड़ीसैंण में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं को सुचारू और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए ताकि कार्यक्रम का सफल संचालन सुनिश्चित हो सके।

सीडीओ ने पीडब्ल्यूडी गैरसैंण को दिवालीखाल से विधानसभा तक सड़क को दुरुस्त करने और मार्ग पर फ्लैग लगाने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही उद्यान विभाग को वृक्षारोपण, आरटीओ को पार्किंग व्यवस्था, जल संस्थान को पेयजल आपूर्ति, और विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। नगर पंचायत गैरसैंण को मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था और पुलिस विभाग को सुरक्षा एवं सेफ हाउस तैयार करने के निर्देश दिए गए।

सीडीओ त्रिपाठी ने बताया कि 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम का आयोजन भराड़ीसैंण, उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी में किया जाएगा, जिसमें विभिन्न राष्ट्रों के राजदूत भी शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान पतंजलि योगपीठ के योग प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों को योगाभ्यास कराया जाएगा। इस आयोजन में लगभग 1000 प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है।

बैठक में आयुर्वेदिक एवं यूनानी विभाग के संयुक्त निदेशक के.एस. नपच्याल, कार्यक्रम समन्वयक के.के. पांडेय सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles