एसपी सिटी ने समाचार पत्रों एवं पोर्टलों पर प्रकाशित खबरों को बताया भ्रामक , स्थिति की स्पष्ट
देहरादून। (शनिवार) की रात्रि पुलिस द्वारा की गई रूटीन चेकिंग को लेकर कुछ समाचार पत्रों एवं पोर्टलों पर भ्रामक खबरें प्रसारित होने का मामला सामने आया है। इस पर स्पष्टता देते हुए एसपी सिटी देहरादून ने कहा कि उक्त चेकिंग पूरी तरह नियमित प्रक्रिया के तहत की गई थी, जिसका उद्देश्य कानून-व्यवस्था बनाए रखना और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना था।
उन्होंने बताया कि उनके द्वारा कुठलगेट पर पुलिस टीमों को एकत्रित किया गया था, जिसके बाद सभी टीमों को अलग-अलग क्षेत्रों में चेकिंग के लिए भेजा गया। एक टीम का नेतृत्व स्वयं उनके द्वारा किया गया।
एसपी सिटी ने स्पष्ट किया कि कुछ खबरों में यह दर्शाया गया कि चेकिंग के दौरान एक बार में उच्च अधिकारी द्वारा उनसे वहां आने का कारण पूछा गया और वापस जाने के निर्देश दिए गए, जो पूरी तरह भ्रामक और असत्य है। उन्होंने कहा कि उनकी किसी भी उच्च अधिकारी से इस संबंध में कोई बातचीत नहीं हुई।
उन्होंने आगे बताया कि संबंधित बार रात 12:20 बजे ही बंद हो गया था। जानकारी के अनुसार, एक उच्च अधिकारी वहां डिनर के लिए आए थे और जाते समय उन्होंने वहां मौजूद पुलिसकर्मियों से खड़े होने का कारण पूछा। इस पर पुलिस कर्मियों ने उन्हें शनिवार और रविवार को चलने वाली नाइट स्ट्राइक चेकिंग की जानकारी दी। इसके बाद अधिकारी समय पर वहां से चले गए थे।

