मानसून को लेकर अलर्ट मोड में रहें सभी विभाग : मदन कौशिक
देहरादून। आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण में आगामी मानसून सीजन को लेकर राज्य स्तरीय तैयारियों की उच्च स्तरीय समीक्षा की। बैठक में सभी जनपदों एवं रेखीय विभागों द्वारा मानसून अवधि में संभावित आपदाओं से निपटने के लिए की गई तैयारियों की जानकारी दी गई।
कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने निर्देश दिए कि सभी रेखीय विभाग, जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ एवं अन्य संबंधित एजेंसियां पूर्ण समन्वय के साथ 24×7 अलर्ट मोड में कार्य करें, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि संभावित जलभराव और बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए हाई कैपेसिटी पम्प, मोटर बोट, लाइफ जैकेट, रेस्क्यू उपकरण तथा संचार संसाधन पूरी तरह कार्यशील अवस्था में उपलब्ध रखे जाएं। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी और समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में आपदा प्रबंधन विभाग की सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय कुमार रुहेला, सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन, सचिव सी. रविशंकर, सचिव रणवीर सिंह चौहान, सचिव आनंद स्वरूप, आईजी कुमाऊं ऋद्धिम अग्रवाल, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, आईजी फायर सुनील मीणा, एससीईओ प्रशासन महावीर सिंह चौहान, एसीईओ क्रियान्वयन डीआईजी राजकुमार नेगी, यूकाडा के सीईओ आशीष चौहान, अपर सचिव अभिषेक रुहेला, अपर सचिव गृह तृप्ति भट्ट, संतोष बडोनी, अपर सचिव गरिमा रोंकली, सीसीएफ सुशांत पटनायक, डीजी हेल्थ डॉ. शिखा जंगपांगी, लोक निर्माण विभाग के चीफ इंजीनियर दयानंद, वित्त नियंत्रक अभिषेक कुमार आनंद, मौसम विभाग के निदेशक डॉ. सीएस तोमर, जेसीईओ मो. ओबैदुल्लाह अंसारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

