तीन माह से वेतन न मिलने पर भड़के अशासकीय शिक्षक, 16 मई को धरना प्रदर्शन की चेतावनी
देहरादून। अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ का एक प्रतिनिधिमंडल आज शासन एवं निदेशालय में वेतन बजट की मांग को लेकर विभिन्न अधिकारियों से मिला।
प्रतिनिधिमंडल ने अशासकीय जूनियर हाईस्कूल एवं माध्यमिक विद्यालयों में पिछले तीन माह से वेतन भुगतान न होने पर गहरा रोष जताते हुए अविलंब वेतन बजट जारी करने की मांग की। साथ ही 15 मई तक वेतन अनुदान बजट जारी न होने की स्थिति में 16 मई 2026 को महानिदेशालय में धरना-प्रदर्शन की चेतावनी भी लिखित रूप में दी गई।
संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष संजय बिजल्वाण एवं प्रांतीय महामंत्री महादेव मैठाणी ने कहा कि मुख्य सचिव द्वारा स्पष्ट निर्देश जारी किए गए थे कि सुसंगत बजट 2026-27 की प्रत्याशा में आहरण एवं वितरण अधिकारी सभी राजकीय एवं सहायता प्राप्त संस्थाओं के वेतन आहरण की कार्यवाही समयानुसार सुनिश्चित करें। इसके बावजूद अशासकीय विद्यालयों के शिक्षक एवं कर्मचारियों का वेतन पिछले तीन माह से निर्गत नहीं हो पाया है।
उन्होंने कहा कि वेतन न मिलने के कारण सभी शिक्षक एवं कर्मचारी आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं, लेकिन विभाग की ओर से इस मामले में कोई संवेदनशीलता नहीं दिखाई जा रही है। संगठन ने स्पष्ट किया कि यदि 15 मई तक वेतन बजट स्वीकृत कर जारी नहीं किया गया, तो अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ महानिदेशक कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन करेगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन एवं विभाग की होगी।
इस अवसर पर प्रांतीय मंत्री कपूर सिंह पंवार, जिलाध्यक्ष देहरादून अनिल नौटियाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दिनेश डोबरियाल, उपाध्यक्ष महावीर सिंह मेहता सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

