30 अगस्त से बागेश्वर में होगा ऑल इंडिया चंदन राम दास मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट, विजेता टीम को ₹1.51 लाख का पुरस्कार

बागेश्वर। फ्रेंड्स क्लब बागेश्वर के तत्वावधान में पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय चंदन राम दास की स्मृति में ऑल इंडिया चंदन राम दास मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन 30 अगस्त से 13 सितंबर तक बागेश्वर के नुमाईश खेत मैदान में किया जाएगा।
आयोजक सचिव कमल शाह जगाती एवं अध्यक्ष मनोज कपकोटी ने बताया कि प्रतियोगिता में देशभर की प्रतिष्ठित फुटबॉल टीमों को आमंत्रित किया जाएगा। प्रतिभागी टीमों के आवागमन, आवास एवं भोजन की व्यवस्था आयोजन समिति द्वारा की जाएगी। प्रतियोगिता की विजेता टीम को ₹1,51,000 तथा ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को ₹51,000 एवं ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।
कमल शाह जगाती ने बताया कि फ्रेंड्स क्लब वर्ष 1996 से लगातार फुटबॉल प्रतियोगिताओं का आयोजन करता आ रहा है। इन प्रतियोगिताओं से क्षेत्र के युवाओं में फुटबॉल के प्रति रुचि बढ़ी है तथा वे नशे और अन्य गलत गतिविधियों से दूर रहकर खेलों की ओर आकर्षित हो रहे हैं। प्रतियोगिता को देखने के लिए हर वर्ष दूर-दराज के क्षेत्रों से हजारों खेल प्रेमी बागेश्वर पहुंचते हैं।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए उत्तराखंड के प्रसिद्ध पूर्व राष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी, रेफरी, अंतरराष्ट्रीय कोच, राज्य आंदोलनकारी एवं अनेक राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय सम्मानों से सम्मानित डॉ. विरेन्द्र सिंह रावत को लगातार कई वर्षों से टूर्नामेंट का टेक्निकल डायरेक्टर नियुक्त किया गया है। उनके निर्देशन में मैच कमिश्नर किशन सोनी तथा रेफरी हर्षित चौहान, हिमांशु प्रजापति, रोशन चंद, सुशील रावत, रणवीर गुसाईं, वरुण चौहान और भूपाल सिंह नेगी प्रतियोगिता का संचालन करेंगे।
प्रतियोगिता में भाग लेने की इच्छुक टीमों के लिए 20 अगस्त अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। इच्छुक टीमें 9411131550 एवं 8532945777 पर संपर्क कर अपनी प्रविष्टि दर्ज करा सकती हैं।
इस अवसर पर डॉ. विरेन्द्र सिंह रावत ने आयोजन समिति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका कुमाऊं मंडल से चार दशक पुराना जुड़ाव रहा है। खिलाड़ी, कोच और रेफरी के रूप में उन्होंने राज्य में फुटबॉल के विकास के लिए निरंतर कार्य किया है। उन्होंने कहा कि सभी को मिलकर उत्तराखंड में फुटबॉल और अन्य खेलों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए एकजुट होकर प्रयास करना होगा, ताकि युवा नशे, फास्ट फूड और मोबाइल की लत से दूर रहकर खेलों की ओर अग्रसर हों।
उन्होंने कहा कि राज्य की खेल नीति बनने से खिलाड़ियों को बेहतर अवसर मिल रहे हैं। साथ ही उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों की सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए उत्तराखंड सरकार को 25 सुझाव दिए गए हैं। उन्होंने स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की स्थापना तथा राज्य के सभी 13 जिलों में विभिन्न खेलों की आधुनिक सुविधाएं विकसित करने पर जोर देते हुए कहा कि इससे उत्तराखंड के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अधिक पदक जीतकर राज्य और देश का नाम रोशन करेंगे।

