कुंभ मेला-2027 की सभी तैयारियां अक्टूबर तक पूरी हों : मुख्यमंत्री

कुंभ मेला-2027 की सभी तैयारियां अक्टूबर तक पूरी हों : मुख्यमंत्री
Spread the love

देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज सचिवालय स्थित वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली सभागार में कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कुंभ मेले से संबंधित सभी तैयारियां अक्टूबर माह तक हर हाल में पूर्ण की जाएं तथा मेले की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सभी निर्माण कार्य तय समयसीमा के भीतर पूरे हों। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि शासन स्तर पर कुंभ से संबंधित कोई भी फाइल लंबित न रहे, अन्यथा संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता कुंभ मेले का भव्य, दिव्य एवं सफल आयोजन करना है। उन्होंने सचिव, लोक निर्माण विभाग को 24 घंटे के भीतर कुंभ मेले के लिए तकनीकी पदों पर अधिकारियों की नियुक्ति के निर्देश दिए। साथ ही कुंभ क्षेत्र में बने सभी पुलों का ऑडिट कराने तथा सभी घाटों का सौंदर्यीकरण एवं आवश्यकता अनुसार पुनर्निर्माण कार्य कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हर की पैड़ी सहित सभी घाटों पर स्नान की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ने मेला क्षेत्र की स्वच्छता के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने, प्रमुख स्थानों पर शौचालय एवं पेयजल की व्यवस्था करने तथा पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बल व जल पुलिस की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सुरक्षा की दृष्टि से ड्रोन, सीसीटीवी एवं अन्य आधुनिक उपकरणों के उपयोग पर भी जोर दिया गया। उन्होंने मेले के दौरान कानून व्यवस्था, पार्किंग एवं भीड़ प्रबंधन के लिए अलग से विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ मेला क्षेत्र में विभिन्न अखाड़ों को भूमि आवंटन तय समय पर किया जाए, जिसकी स्वयं मेलाधिकारी द्वारा निगरानी की जाए। साथ ही अखाड़ों, मठों, संत समाज, संस्थाओं, समितियों एवं स्थानीय लोगों से समन्वय स्थापित कर उनके सुझावों के अनुरूप तैयारियां की जाएं। उन्होंने आवागमन को सुगम बनाने के लिए कुंभ क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ व्यापक अभियान चलाने के निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री ने वन विभाग से संबंधित मामलों में शीघ्र अनुमति लेने, अन्य प्रदेशों से समन्वय स्थापित करने, आवास एवं टेंट सिटी की तैयारियां समय पर पूर्ण करने तथा मेला क्षेत्र में अस्थायी अस्पताल, एम्बुलेंस एवं मोबाइल चिकित्सा दल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला हमारी संस्कृति, आस्था और करोड़ों श्रद्धालुओं से जुड़ा महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन है, जिसे सफल बनाना हम सभी का कर्तव्य है, ताकि राज्य में आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु एक सुखद अनुभव लेकर लौटे।

बैठक में कैबिनेट मंत्री श्री सुबोध उनियाल, विधायक श्री मदन कौशिक, श्री आदेश चौहान, श्रीमती रेनू बिष्ट, श्रीमती अनुपमा रावत, श्री रवि बहादुर, उत्तराखण्ड अवस्थापना अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष श्री विश्वास डाबर, मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन, डीजीपी श्री दीपम सेठ, प्रमुख सचिव श्री एल. फैनई, श्री आर.के. सुधांशु, सचिव श्री शैलेश बगौली, श्री नितेश झा, कुंभ मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles