
देहरादून। शिमला बायपास रोड पर सड़क खुदाई के कारण आमजन को हो रही असुविधा एवं यातायात बाधित होने की शिकायतों पर जिलाधिकारी सविन बंसल ने तत्काल संज्ञान लिया। जिलाधिकारी के निर्देश पर संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल कुमार द्वारा मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि शिमला बायपास मार्ग पर की गई खुदाई उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) द्वारा की गई थी, जिसके चलते सड़क की सतह क्षतिग्रस्त हो गई और आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही थी। स्थानीय नागरिकों द्वारा धूल, गड्ढों तथा जाम की समस्या की शिकायतें भी सामने आईं।
जिलाधिकारी ने जनहित को सर्वोपरि बताते हुए संबंधित अधिकारियों को सड़क की तत्काल मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में लोक निर्माण विभाग, निर्माण खंड द्वारा रोड रेस्टोरेशन (सड़क पुनर्स्थापन) का कार्य युद्धस्तर पर प्रारंभ कर दिया गया है, जिससे आमजन को शीघ्र राहत मिल सके।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में किसी भी विभाग अथवा संस्था द्वारा सड़क खुदाई के पश्चात निर्धारित मानकों के अनुसार समयबद्ध रूप से रेस्टोरेशन कार्य पूर्ण किया जाना अनिवार्य होगा। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित संस्था के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व जिला प्रशासन द्वारा आदेश जारी कर सड़क खुदाई से संबंधित सभी अनुमतियां निरस्त कर दी गई हैं। बिना अनुमति के सड़क खुदाई करने वालों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं। जिला प्रशासन नागरिकों की सुविधा एवं सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए सार्वजनिक मार्गों की स्थिति पर सतत निगरानी बनाए हुए है।

