सरकारी योजना के खिलाफ सोशल मीडिया पर भ्रामक प्रचार का आरोप: आंगनवाड़ी कार्यकत्री रेखा नेगी को कारण बताओ नोटिस जारी
पौड़ी गढ़वाल। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग उत्तराखण्ड ने ‘मेरी सहेली’ सेनेटरी पैड योजना के विरुद्ध सोशल मीडिया पर भ्रामक वीडियो प्रसारित करने के मामले में आंगनवाड़ी कार्यकत्री श्रीमती रेखा नेगी, आंगनवाड़ी केन्द्र नौगांव मल्ला, बाल विकास परियोजना पायो को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
जारी नोटिस में उल्लेख किया गया है कि श्रीमती नेगी द्वारा फेसबुक पर प्रचारित वीडियो में योजना से संबंधित सामग्री की गुणवत्ता पर आपत्तियां उठाते हुए आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को एक रुपये कमीशन न मिलने की बात कही गई है। साथ ही, योजना के संचालन को “दुकान चलाने” जैसा बताते हुए सरकारी योजना का विरोध और “सरकार मुर्दाबाद” जैसे शब्दों का प्रयोग किया गया।
विभाग ने इसे अनुशासनहीनता और विभागीय छवि को धूमिल करने वाला कृत्य मानते हुए कहा कि यदि किसी प्रकार की शिकायत थी तो उसे उचित माध्यम से उच्चाधिकारियों के संज्ञान में लाया जा सकता था, न कि सोशल मीडिया पर प्रचारित किया जाता।
नोटिस में शासनादेश संख्या 262231 दिनांक 18 दिसम्बर 2024 का हवाला देते हुए कहा गया है कि किसी भी आंगनवाड़ी कार्यकत्री द्वारा सोशल मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक या प्रिंट मीडिया के माध्यम से विभाग या सरकार के विरुद्ध दुष्प्रचार किए जाने पर उसे मानदेय सेवा से पृथक किया जा सकता है।
श्रीमती रेखा नेगी को निर्देशित किया गया है कि वे तीन दिन के भीतर अपना लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। स्पष्टीकरण असंतोषजनक पाए जाने या नियत समय में जवाब न देने की स्थिति में विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
