प्रधानमंत्री आवास योजना में अनियमितताओं का आरोप, जन संघर्ष मोर्चा ने तहसील घेरकर जांच की उठाई मांग
विकासनगर। जन संघर्ष मोर्चा ने प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र लाभार्थियों को उनका अधिकार दिलाने तथा चयन सूची में कथित अनियमितताओं की जांच की मांग को लेकर विकासनगर तहसील का घेराव किया। मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी देहरादून के नाम संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी विनोद कुमार को सौंपा।
ज्ञापन में मोर्चा ने आरोप लगाया कि विकासनगर ब्लॉक की प्रधानमंत्री आवास योजना की चयन सूची में कई वास्तविक पात्र गरीबों के नाम हटा दिए गए हैं, जबकि कुछ सरकारी नौकरीपेशा लोगों, उनके परिजनों तथा दो-तीन मंजिला मकानों के मालिकों के नाम सूची में शामिल कर दिए गए हैं। मोर्चा ने इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
रघुनाथ सिंह नेगी ने कहा कि कुछ साधन-संपन्न लोगों ने कथित रूप से अपने वास्तविक पक्के मकानों को छिपाकर पुराने टीन शेड, गौशालाओं अथवा जर्जर भवनों को दर्शाते हुए योजना का लाभ प्राप्त करने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि यदि इन आरोपों की गहन जांच कराई जाए तो वास्तविक पात्र गरीबों को उनका अधिकार मिल सकेगा और सरकारी धन के दुरुपयोग पर रोक लगेगी।
उपजिलाधिकारी विनोद कुमार ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि चयन सूची की जांच कराई जाएगी और पात्र व्यक्तियों को योजना का लाभ सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
तहसील घेराव एवं प्रदर्शन में आकाश पंवार, विजय राम शर्मा, दिलबाग सिंह, के.सी. चंदेल, आर.पी. भट्ट, अकरम सलमानी, टीकाराम उनियाल, भजन सिंह नेगी, महेंद्र सिंघल, हाजी असद, विनोद रावत, प्रवीण शर्मा, सलीम खान, इदरीश, सुरेशानंद बेलवाल, महेंद्र भंडारी, मुमताज, अनिल गौड़, कारी शहजाद, प्रमोद शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष भीम सिंह बिष्ट, पी.के. गोस्वामी, सोमपाल, वाहिद कुरैशी, मुकेश पसपोला, मीडिया प्रभारी अतुल हांडा, विनय सजवान सहित बड़ी संख्या में मोर्चा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

