टिहरी पुलिस की तत्परता से 12 घंटे में सकुशल मिली गुमशुदा नाबालिग, परिजनों ने जताया आभार

Spread the love

टिहरी । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्रीमती श्वेता चौबे के निर्देशन में टिहरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना छाम क्षेत्र से लापता 16 वर्षीय नाबालिग बालिका को मात्र 12 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

जानकारी के अनुसार, 29 जुलाई 2026 को थाना छाम क्षेत्र की रहने वाली 16 वर्षीय बालिका सुबह विद्यालय जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने अपने स्तर पर रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर थाना छाम में सूचना दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना छाम पुलिस ने तत्काल अपहरण संबंधी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर बालिका की तलाश के लिए विशेष अभियान शुरू किया। एसएसपी श्रीमती श्वेता चौबे के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी चंबा के निकट पर्यवेक्षण में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने विद्यालय से आने-जाने वाले मार्गों, बस अड्डों, टैक्सी स्टैंडों तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच की। साथ ही टेक्निकल सर्विलांस का सहारा लेते हुए विभिन्न जनपदों और थाना क्षेत्रों से समन्वय स्थापित किया गया।

लगातार रातभर चले सर्च अभियान के दौरान पुलिस टीम ने ऋषिकेश क्षेत्र में संभावित स्थानों पर सघन तलाश की और रात्रि लगभग दो बजे नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया। आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद बालिका को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया और बाद में सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

अपनी पुत्री के सकुशल मिलने पर परिजनों ने थाना छाम पुलिस की त्वरित कार्रवाई, संवेदनशील कार्यशैली और अथक प्रयासों की सराहना करते हुए पूरी पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।

टिहरी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी बच्चे के व्यवहार में अचानक परिवर्तन दिखाई दे या वह बिना बताए घर से चला जाए, तो समय गंवाए बिना तत्काल निकटतम पुलिस थाने को सूचना दें। पुलिस 24×7 नागरिकों की सुरक्षा और सहायता के लिए सदैव तत्पर है।

देवभूमि खबर

Related articles