छात्र संघ चुनाव को लेकर अल्मोड़ा पुलिस सतर्क, शांतिपूर्ण मतदान की अपील
अल्मोड़ा। आज 27 सितम्बर 2025 को जनपद के सभी महाविद्यालयों में छात्र संघ चुनाव को शांति और निष्पक्षता से सम्पन्न कराने के लिए अल्मोड़ा पुलिस ने पूरी तैयारी कर ली है। सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। वरिष्ठ अधिकारी लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायज़ा ले रहे हैं।
पुलिस प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु अलर्ट मोड अपनाया है और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है। चुनाव ड्यूटी पर तैनात जवानों को वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा ब्रीफिंग दी गई, जिसमें उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया को भयमुक्त, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष माहौल में सम्पन्न कराना है।
चुनाव के दृष्टिगत पुलिस ने छात्रों से अपील की है कि वे पूरी शांति, संयम और मर्यादा बनाए रखें। मतदान शांतिपूर्ण ढंग से कर लोकतांत्रिक परंपरा को मजबूत बनाएं। किसी भी अफवाह या भड़काऊ बातों पर ध्यान न दें तथा अनुशासनहीनता, नारेबाजी या उपद्रव जैसी गतिविधियों से दूर रहें।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी को कोई संदिग्ध या अराजक गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस या प्रशासन को सूचित करें। किसी भी प्रकार की अराजकता फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
