रायपुर क्षेत्र में महिला को जबरन कार में बैठाने के प्रयास का खुलासा, एक अभियुक्ता गिरफ्तार

देहरादून। रायपुर क्षेत्र में महिला को जबरन कार में बैठाने के प्रयास के मामले का दून पुलिस ने खुलासा करते हुए घटना में शामिल एक अभियुक्ता को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में व्यापारिक लेन-देन के विवाद के चलते महिला को डराने की योजना बनाए जाने की बात सामने आई है। घटना में शामिल चार अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर 2026 को सुषमा वर्मा पत्नी राहुल वर्मा निवासी कानन कुंज, सहस्रधारा रोड ने थाना रायपुर में तहरीर देकर बताया था कि सुबह करीब 6:50 बजे नाला पानी चौक के पास कुछ लोगों ने उन्हें जबरदस्ती कार में बैठाने का प्रयास किया। तहरीर के आधार पर थाना रायपुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर थाना रायपुर और एसओजी देहात की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर घटना में प्रयुक्त वाहन और आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटाई। साथ ही वादिनी एवं अन्य संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने 26 सितंबर को घटना में शामिल अभियुक्ता चाहत उर्फ अन्नू को सहस्रधारा रोड से गिरफ्तार किया। पूछताछ में घटना में शामिल चार अन्य आरोपियों दीपक, सुशांत उर्फ लक्की, आदित्य वशिष्ठ और प्रियांशु के नाम सामने आए हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
पूछताछ में अभियुक्ता ने पुलिस को बताया कि वह दीपक पासवान को करीब दो वर्ष से जानती है। दोनों अपना व्यवसाय शुरू करना चाहते थे। इसी क्रम में उन्होंने सुषमा वर्मा से अठूरवाला भानियावाला स्थित 11 गायों वाली डेयरी चलाने का सौदा 7.50 लाख रुपये में किया था। इसके एवज में 5 लाख रुपये नकद और 2.50 लाख रुपये का चेक दिया गया था। उन्हें बताया गया था कि गायें प्रतिदिन करीब 150 लीटर दूध देती हैं, लेकिन बाद में दूध की मात्रा काफी कम निकली।
अभियुक्ता के अनुसार, इस संबंध में सुषमा से पैसे वापस मांगे गए, लेकिन विवाद बढ़ता गया। पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि डेयरी में लगाई गई रकम अन्य लोगों से ब्याज पर ली गई थी और पैसे वापस करने का दबाव बनाया जा रहा था। इसी के चलते आरोपियों ने सुषमा को डराने की योजना बनाई।
पुलिस के मुताबिक, घटना को अंजाम देने के लिए कारगी चौक के पास से काले रंग की स्विफ्ट कार किराये पर ली गई थी। इसके लिए गारंटी के तौर पर अभियुक्ता ने अपनी स्कूटी रखी थी। 23 सितंबर की सुबह दीपक, आदित्य और लक्की उक्त कार से सुषमा को डराने के लिए सहस्रधारा पहुंचे। सुषमा द्वारा शोर मचाने और आसपास के लोगों के मौके पर आने के बाद पकड़े जाने के डर से आरोपी वहां से फरार हो गए।
गिरफ्तार अभियुक्ता की पहचान चाहत उर्फ अन्नू पुत्री विनोद कुमार, निवासी गोविन्द विहार, डांडा लखौण्ड, थाना रायपुर, देहरादून, उम्र 19 वर्ष के रूप में हुई है।
वांछित अभियुक्त में दीपक पुत्र दिलीप कुमार, निवासी विष्णु लोक कॉलोनी, ज्वालापुर, थाना सिडकुल, हरिद्वार।सुशांत उर्फ लक्की पुत्र अनिल कुमार, निवासी ग्राम डोब, तहसील देवप्रयाग, थाना हिंडोलाखाल, टिहरी गढ़वाल।आदित्य वशिष्ठ पुत्र अमित शर्मा, निवासी औरंगाबाद, थाना सिडकुल, हरिद्वार।प्रियांशु पुत्र सुखपाल, निवासी नगला अहमद, थाना मंगलौर, हरिद्वार हैं।
