तहसील धारी में 30 हजार रुपये रिश्वत लेते पटवारी रंगे हाथ गिरफ्तार

नैनीताल। सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जनपद नैनीताल की तहसील धारी में तैनात पटवारी निर्मल बोरा को 30 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, तहसील धारी में नियुक्त पटवारी निर्मल बोरा पुत्र शेर सिंह बोरा, निवासी उनकोट, धारी, नैनीताल तथा हाल निवासी जलवायु विहार, अमृत आश्रम के पास, बिठौरिया नंबर एक, हल्द्वानी द्वारा शिकायतकर्ता की ग्राम मजीदा, तहसील धारी स्थित भूमि की नाप-जोख के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही थी। परेशान होकर शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत की जांच में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद पुलिस अधीक्षक, सतर्कता सेक्टर नैनीताल/हल्द्वानी द्वारा ट्रैप टीम गठित की गई। टीम ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत करते हुए 26 सितंबर 2026 को पटवारी निर्मल बोरा को शिकायतकर्ता से 30 हजार रुपये रिश्वत ग्रहण करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
सतर्कता अधिष्ठान की इस कार्रवाई के बाद आरोपी पटवारी के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
