कर्णप्रयाग। थानों की कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए आज पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा द्वारा कोतवाली कर्णप्रयाग का विस्तृत अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कोतवाली पर तैनात व्यवस्थित गार्द द्वारा मान-प्रणाम प्रस्तुत किया गया, जिसे स्वीकार करने के उपरांत पुलिस उपाधीक्षक ने कोतवाली परिसर का भ्रमण किया।
निरीक्षण के क्रम में थाना कार्यालय, बैरक एवं आवासीय भवनों का निरीक्षण कर साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। इस दौरान थाने पर नियुक्त कार्मिकों से शस्त्राभ्यास कराया गया तथा शस्त्रों को खोलने-जोड़ने की ड्रिल भी कराई गई। पुलिस उपाधीक्षक ने शस्त्रों की नियमित साफ-सफाई एवं अभ्यास बनाए रखने के स्पष्ट निर्देश दिए।
इसके पश्चात थाने को आवंटित सरकारी संपत्ति एवं आपदा उपकरणों का निरीक्षण कर उनके संचालन संबंधी जानकारी ली गई।
मालखाना निरीक्षण के दौरान जिन मुकदमों का निस्तारण हो चुका है, उनके मालों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने तथा लंबित मालों को समयबद्ध रूप से निस्तारित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही आपदा उपकरणों की जांच कर उनकी कार्यशीलता का परीक्षण भी किया गया।
निरीक्षण के दौरान CCTNS कार्यालय एवं थाना रजिस्टरों की गहनता से जांच की गई और आवश्यक सुधारात्मक दिशा-निर्देश दिए गए। थाने पर संचालित विभिन्न ऑनलाइन पोर्टलों को नियमित रूप से चेक करने तथा आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर प्रतिदिन लॉगिन कर लंबित शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण करने पर विशेष जोर दिया गया।
निरीक्षण के उपरांत थाने पर नियुक्त समस्त कार्मिकों का सम्मेलन आयोजित कर उनकी समस्याएं सुनी गईं।
इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक ने सभी कार्मिकों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण लगन, निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ करने के लिए प्रेरित किया।

