आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ ने कोविड काल में वितरित सेनेटरी पैड का पैसा वसूलने पर जताई आपत्ति
देहरादून। उत्तराखण्ड राज्य आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन भेजकर कोविड-19 महामारी के दौरान बालिकाओं एवं महिलाओं को निःशुल्क वितरित किए गए सेनेटरी पैड का पैसा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों से वसूलने पर रोक लगाने की मांग की है।
संघ की प्रदेश अध्यक्ष सुशीला खत्री द्वारा भेजे गए ज्ञापन में कहा गया है कि कोविड महामारी के दौरान सरकार द्वारा बालिकाओं एवं महिलाओं को स्वच्छता किट, दवाइयां और सेनेटरी पैड निःशुल्क वितरित किए गए थे। उस समय आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सुपरवाइजरों और विभागीय अधिकारियों ने मिलकर जनहित में कार्य किया था।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि वर्तमान में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग द्वारा प्रति पैड 5 रुपये की दर से सेनेटरी पैड की राशि जमा कराने का दबाव बनाया जा रहा है। संघ का कहना है कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां अल्प मानदेय पर कार्य करती हैं और ऐसे में उनसे धनराशि वसूलना आर्थिक बोझ बढ़ाने जैसा है।
संघ ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि कोविड-19 काल में वितरित निःशुल्क सेनेटरी पैड की राशि की वसूली तत्काल रोकी जाए तथा संबंधित विभाग को इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं।

