टिहरी में 20 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार, पिकअप वाहन सीज

टिहरी । “ऑपरेशन प्रहार” के तहत टिहरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन को भी सीज कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 27 जुलाई 2026 की रात गुलर पुल के पास वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने पिकअप वाहन संख्या UK-CD-1163 को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 20 पेटी इम्पीरियल ब्लू अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
मौके से चालक अनुराग उर्फ सागर (21 वर्ष) पुत्र मनोज कुमार, निवासी ग्राम निरंजनपुर, थाना लक्सर, जनपद हरिद्वार को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह शराब की खेप हरिद्वार के शिवालिक नगर क्षेत्र से श्रीनगर ले जा रहा था।
पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई करते हुए तस्करी में प्रयुक्त वाहन को सीज कर दिया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी थाना नरेंद्रनगर में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज है।
इस कार्रवाई को उपनिरीक्षक शिवराम (चौकी प्रभारी गुलर), हेड कांस्टेबल ओमप्रकाश, कांस्टेबल नरेश तोमर और हेड कांस्टेबल अजयवीर की पुलिस टीम ने अंजाम दिया।

