एएनटीएफ उत्तराखंड की बड़ी कार्रवाई — 36 लाख की हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

एएनटीएफ उत्तराखंड की बड़ी कार्रवाई — 36 लाख की हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून। एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स (A.N.T.F.) उत्तराखंड ने नशे के सौदागरों पर एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 123 ग्राम अवैध हेरोइन जिसकी कीमत लगभग 36 लाख रुपये आंकी गई है, बरामद करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह संयुक्त कार्रवाई एएनटीएफ टीम और थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस टीम द्वारा 12 नवम्बर 2025 की रात को की गई। यह एक सप्ताह के भीतर एएनटीएफ की लगातार दूसरी बड़ी कार्रवाई है।

माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के “ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन 2025” अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ श्री नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देशन में राज्यभर में नशा तस्करों के विरुद्ध सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एएनटीएफ ने देहरादून क्षेत्र में यह सफलता हासिल की है। पुलिस ने बताया कि पकड़े गए अभियुक्तों के नाम अब्बास पुत्र मोहम्मद ईशाक, उम्र 35 वर्ष निवासी एमडीडीए कॉलोनी त्यागी रोड, हाल पता आजाद कॉलोनी देहरादून और मोहम्मद सावेज पुत्र शाहिद, उम्र 27 वर्ष निवासी 5/5 मुस्लिम कॉलोनी, भंडारी बाग कोतवाली नगर, देहरादून हैं। दोनों अभियुक्तों को हेरोइन परिवहन करते हुए वाहन सहित पकड़ा गया।

पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे यह हेरोइन बरेली के जाकिर नामक व्यक्ति से लेकर आए थे जिसे वे देहरादून व आसपास के क्षेत्रों में कॉलेज छात्रों और अन्य लोगों को छोटी-छोटी मात्रा में बेचते थे जिससे उन्हें अधिक मुनाफा होता था। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से 123 ग्राम अवैध हेरोइन और एक वाहन बरामद किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ श्री नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि नशे के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है और एएनटीएफ की यह कार्रवाई “ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन 2025” की दिशा में एक और ठोस कदम है। उन्होंने जनता से अपील की कि नशे से दूर रहें और किसी भी प्रकार की तस्करी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस या एसटीएफ को दें।

एसटीएफ से संपर्क के लिए 0135-2656202 और 9412029536 नंबर जारी किए गए हैं। इस अभियान में एएनटीएफ/एसटीएफ टीम के एसआई दीपक मैठाणी, हेड कांस्टेबल मनमोहन, कांस्टेबल दीपक नेगी तथा थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस टीम के एसआई जयवीर सिंह और कांस्टेबल नरेंद्र शामिल रहे। पुलिस प्रशासन ने कहा है कि देवभूमि को ड्रग्स मुक्त बनाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

देवभूमि खबर

Related articles