एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की बड़ी सफलता, कॉलेज–हॉस्टलों में सप्लाई होने से पहले पकड़ी 2.30 किलो चरस, चार गिरफ्तार

एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की बड़ी सफलता, कॉलेज–हॉस्टलों में सप्लाई होने से पहले पकड़ी 2.30 किलो चरस, चार गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून। ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत उत्तराखंड एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए रायपुर थाना क्षेत्र से चार ड्रग पैडलरों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने करीब 2 किलो 30 ग्राम अवैध चरस बरामद की है।

आरोपियों ने पूछताछ में खुलासा किया कि यह चरस उन्हें कफकोट, बागेश्वर निवासी एक अंतर्राज्यीय ड्रग डीलर द्वारा सप्लाई की गई थी, जिसे वे देहरादून के विभिन्न इलाकों में अपने स्थानीय नेटवर्क के जरिए बेचने वाले थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रियांशु नेगी पुत्र पुष्कर सिंह नेगी निवासी गुजरोवाली कृष्ण बिहार रायपुर देहरादून (उम्र 22 वर्ष), गौतम उनियाल पुत्र देवेंद्र उनियाल निवासी नेहरूग्राम सिद्धबिहार रायपुर देहरादून (उम्र 20 वर्ष), ऋषभ बुटोला पुत्र राजेंद्र बुटोला निवासी मारुति विहार रायपुर, मूल निवासी ग्राम श्रीकोट श्रीनगर पौड़ी गढ़वाल (उम्र 22 वर्ष) और अंशुल रावत पुत्र विजय रावत निवासी मयूर कॉलोनी नेहरूग्राम रायपुर देहरादून (उम्र 21 वर्ष) के रूप में हुई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ नवनीत सिंह भुल्लर ने जानकारी देते हुए बताया कि लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि कुछ युवक कॉलेजों और हॉस्टलों में चरस की सप्लाई कर रहे हैं। इस पर एएनटीएफ टीम ने मैन्युअल तरीके से जानकारी जुटाई और आरोपियों पर निगरानी रखी। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाकर 16 सितम्बर 2025 की देर रात रायपुर थाने के सोडा सारोली क्षेत्र से चारों आरोपियों को दबोच लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे कई बार कफकोट, बागेश्वर से जीवन नामक ड्रग डीलर से चरस लाकर देहरादून में बेच चुके हैं। पुलिस अब मुख्य सप्लायर की गिरफ्तारी के लिए भी कार्रवाई की तैयारी कर रही है। फिलहाल चारों आरोपियों के खिलाफ रायपुर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजा गया है।

बरामदगी में कुल 2 किलो 30 ग्राम चरस शामिल है।

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने जनता से अपील की है कि नशे से दूर रहें और किसी भी प्रकार के लालच में आकर नशा तस्करी न करें। उन्होंने कहा कि नशा तस्करी करने वालों की जानकारी तुरंत पुलिस या एसटीएफ को दें। इसके लिए एसटीएफ ने ऑफिस नंबर 0135-2656202 और 9412029536 जारी किए हैं।

एसएसपी ने स्पष्ट किया कि ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत यह मुहिम लगातार जारी रहेगी और नशे के सौदागरों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

देवभूमि खबर

Related articles