अतिवृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों की त्वरित मरम्मत हो :गणेश जोशी

अतिवृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों की त्वरित मरम्मत हो :गणेश जोशी
Spread the love

देहरादून। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने रविवार को कैंप कार्यालय में सिंचाई विभाग, लोक निर्माण विभाग, जल संस्थान, विद्युत विभाग एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक कर मसूरी विधानसभा क्षेत्र में अतिवृष्टि से हुए नुकसान की विस्तृत समीक्षा की।

मंत्री जोशी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त हुई मूलभूत सुविधाओं की मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि सड़कों, पुलों, सीसी पैच, जलापूर्ति एवं विद्युत व्यवस्थाओं को तत्काल दुरुस्त करने की दिशा में ठोस कार्रवाई की जाए ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर प्रभावित क्षेत्रों का शीघ्र इस्टीमेट तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि आपदा प्रभावित लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए विभागीय अधिकारी नियमित रूप से क्षेत्र का निरीक्षण करें और समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।

मंत्री जोशी ने स्पष्ट किया कि जनसुविधाओं की बहाली में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि अपनी कार्ययोजना शीघ्र तैयार करें और बिना देरी के उसे धरातल पर उतारें।

बैठक में जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह चौहान, अनुज कौशल, अधिशासी अभियंता जल संस्थान राजेंद्र पाल, अधिशासी अभियंता यूपीसीएल राकेश कुमार, सहायक अभियंता सिंचाई विभाग सुरेश चंद्रा, संदीप मित्तल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles