सफाई कर्मचारी यूनियन के धरने पर पहुंचे अशोक वर्मा, बोले— वार्ता से होगा समस्याओं का समाधान

देहरादून। नगर निगम देहरादून में राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी मजदूरी यूनियन का विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन लगातार छठे दिन भी जारी रहा। इस बीच राज्य पिछड़ा वर्ग कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष अशोक वर्मा धरना स्थल पर पहुंचे और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया।
इससे पूर्व यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी नरेश वेद, नगर निगम शाखा अध्यक्ष सुनील कुमार उर्फ सोनू खैरवाल तथा शाखा सचिव धीरज भारती ने अशोक वर्मा से मुलाकात कर कर्मचारियों की मांगों पर विस्तार से चर्चा की। वार्ता के दौरान कई बिंदुओं पर सहमति बनी और मांगों के समाधान की दिशा में प्रयास तेज करने पर जोर दिया गया।
इसके बाद अशोक वर्मा ने नगर निगम देहरादून के महापौर सौरभ थपलियाल से उनके कार्यालय में भेंट कर यूनियन की मांगों पर विस्तृत चर्चा की तथा उनका शीघ्र समाधान निकालने का आग्रह किया।
धरना स्थल पर कर्मचारियों को संबोधित करते हुए अशोक वर्मा ने कहा कि उत्तराखंड सरकार कर्मचारियों के हितों के प्रति संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कर्मचारियों को अपने परिवार का हिस्सा मानते हैं और समय-समय पर उनके हित में निर्णय लेते रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कर्मचारियों की सभी उचित और न्यायोचित मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या का स्थायी समाधान संवाद और वार्ता के माध्यम से ही संभव है। इसलिए सभी पक्षों को संयम बनाए रखते हुए आपसी बातचीत से समाधान निकालने का प्रयास करना चाहिए।
अशोक वर्मा ने यूनियन पदाधिकारियों को आश्वस्त किया कि महापौर सौरभ थपलियाल के साथ होने वाली वार्ता सकारात्मक रहेगी और कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान की दिशा में सार्थक परिणाम सामने आएंगे।


