चमोली में बच्चों से कार धुलवाने पर सहायक अध्यापक निलंबित

चमोली में बच्चों से कार धुलवाने पर सहायक अध्यापक निलंबित
Spread the love

चमोली जिले के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय जूनीधार में छात्रों से अपनी कार धुलवाने वाले सहायक अध्यापक घनश्याम तिवाड़ी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इस प्रकरण की जांच उप शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक शिक्षा, थराली को सौंप दी गई है, जो एक सप्ताह के भीतर जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक) को विस्तृत रिपोर्ट सौंपेंगे।

  विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे वीडियो का तत्काल संज्ञान लेते हुए आरोपी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए। इसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक) ने अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए सहायक अध्यापक को निलंबित कर मुख्यालय उप शिक्षा अधिकारी कार्यालय, थराली में अटैच कर दिया।

डॉ. रावत ने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो जिसमें छात्रों से गाड़ी धुलवाई जा रही है, अत्यंत पीड़ादायक है और छात्रों को पढ़ाई के बजाय निजी कार्य करवाना कर्मचारी आचरण नियमावली का स्पष्ट उल्लंघन है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसी हरकतों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

देवभूमि खबर

Related articles