उत्तरकाशी में नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, मोरी के 4 अभियुक्तों पर गैंगस्टर एक्ट लागू

उत्तरकाशी में नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, मोरी के 4 अभियुक्तों पर गैंगस्टर एक्ट लागू
Spread the love

उत्तरकाशी। थाना मोरी पुलिस ने अवैध नशे के कारोबार में संलिप्त चार अभियुक्तों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की है। इनमें एक अंतरराज्यीय गिरोह के तीन सदस्य भी शामिल हैं, जो संगठित रूप से चरस तस्करी में लिप्त थे।

पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देश पर जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस उपाधीक्षक जनक सिंह पंवार के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष मोरी दीपक रावत द्वारा गैंग लीडर सावेज समेत चार आरोपियों के खिलाफ गैंग चार्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजा गया था।

जिलाधिकारी की स्वीकृति के बाद 25 मार्च 2026 को थाना मोरी में चारों आरोपियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम, 1986 (गैंगस्टर एक्ट) की धारा 2ख(ii)/3 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी पहाड़ी क्षेत्रों से चरस एकत्र कर तराई क्षेत्रों में उसकी तस्करी करते थे।

गिरफ्तार अभियुक्तों में सावेज (सहारनपुर), जावेद (देहरादून), शहनवाज आलम (सहारनपुर) और जितेन्द्र कुमार (उत्तर प्रदेश) शामिल हैं।

पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

देवभूमि खबर

Related articles