हल्द्वानी में महिला तस्कर गिरफ्तार, 60 लाख से अधिक की स्मैक बरामद
नैनीताल। एसओजी और हल्द्वानी पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 60 लाख रुपये से अधिक कीमत की 203 ग्राम स्मैक के साथ एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है।
“ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन” के तहत चलाए जा रहे अभियान में यह सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में जनपद में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण में 25 मार्च 2026 को कोतवाली हल्द्वानी पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बेलबाबा के पास एक संदिग्ध महिला को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें उसके कब्जे से 203 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।
गिरफ्तार महिला की पहचान कनिका (40 वर्ष), पत्नी विजय, निवासी शिवनगर ट्रांजिट कैम्प, जिला ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली हल्द्वानी में धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा अभियुक्ता के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
बरामद स्मैक की कीमत लगभग 60.90 लाख रुपये आंकी गई है। इस सफलता पर एसएसपी ने पुलिस टीम को उत्साहवर्धन हेतु 2500 रुपये के इनाम से पुरस्कृत किया।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मनोज कुमार, हेड कांस्टेबल पुष्पा देवी, कांस्टेबल अनिल टम्टा, तारा सिंह, कुन्दन कठायत (एसओजी) और भूपेन्द्र ज्येष्ठा (एसओजी) शामिल रहे।

