रुद्रपुर पुलिस व एसओजी की बड़ी कार्रवाई, करीब 10 लाख की अफीम के साथ दो अंतर्राज्यीय नशा तस्कर गिरफ्तार

रुद्रपुर। “नशा मुक्त उत्तराखण्ड” अभियान के तहत ऊधम सिंह नगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली रुद्रपुर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने दो अंतर्राज्यीय नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 2 किलो 187 ग्राम अवैध अफीम बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत 18 जुलाई की रात चौकी बगवाड़ा प्रभारी उपनिरीक्षक सुरेन्द्र सिंह रिंगवाल अपनी टीम के साथ रामनगर शिव मंदिर के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एसओजी टीम भी क्षेत्र में गश्त कर रही थी। तभी यामाहा आर-15 मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। बारिश के कारण मोटरसाइकिल फिसल गई, जिसके बाद दोनों बैग लेकर भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें मौके पर ही दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान झनकार सिंह (28 वर्ष) निवासी बरेली (हाल निवासी ट्रांजिट कैंप, रुद्रपुर) तथा आकाश वर्मा (23 वर्ष) निवासी पीलीभीत (हाल निवासी ट्रांजिट कैंप, रुद्रपुर) के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान झनकार सिंह के बैग से 1 किलो 79 ग्राम तथा आकाश वर्मा के बैग से 1 किलो 108 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त यामाहा आर-15 मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और 1,100 रुपये नकद भी पुलिस ने कब्जे में लिए।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यह अफीम मुजफ्फर अंसारी निवासी मुजफ्फरनगर से लेकर आए थे और आगे सप्लाई करने जा रहे थे। पुलिस अब पूरे नशा तस्करी नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की गहन जांच कर रही है।
इस संबंध में कोतवाली रुद्रपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक नरेश पंत कर रहे हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने कहा कि ऊधम सिंह नगर पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रखेगी और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आमजन से भी नशे से जुड़ी गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

