टिहरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चंडीगढ़ से लाई जा रही 10 पेटी अवैध शराब पकड़ी; दो तस्कर गिरफ्तार

टिहरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चंडीगढ़ से लाई जा रही 10 पेटी अवैध शराब पकड़ी; दो तस्कर गिरफ्तार
Spread the love

टिहरी ।पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चंडीगढ़ से पर्यटन क्षेत्रों में खपाने के लिए लाई जा रही 10 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान दो तस्करों को गिरफ्तार कर तस्करी में प्रयुक्त सेंट्रो कार भी सीज कर दी गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर के पर्यवेक्षण में 27 जून को चौकी प्लासडा पुलिस वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान संदिग्ध सेंट्रो कार (यूके-07-ज़ेड-4683) को रोककर तलाशी ली गई। वाहन से चंडीगढ़ मार्का इम्पीरियल ब्लू व्हिस्की की 10 पेटियां बरामद हुईं, जिनमें 36 बोतल और 336 पव्वे शामिल थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शोएब निवासी हरिद्वार तथा अनिल कुमार निवासी देहरादून के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे अवैध शराब को चंडीगढ़ से लाकर टिहरी के पर्यटन क्षेत्रों में बेचने की योजना बना रहे थे।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली नरेंद्रनगर में आबकारी अधिनियम की धाराओं 60(1), 63 एवं 72 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। बरामद शराब और तस्करी में प्रयुक्त वाहन को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

एसएसपी श्वेता चौबे ने कहा कि जनपद को नशा मुक्त बनाने के लिए अवैध शराब एवं मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

देवभूमि खबर

Related articles