ऑपरेशन प्रहार के तहत टिहरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 60 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब के साथ दो गिरफ्तार
टिहरी । जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत टिहरी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशों पर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत थाना मुनि की रेती पुलिस ने अवैध शराब की बड़ी खेप बरामद की है।
पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार जनपद में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक मुनि की रेती के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा 06 अप्रैल 2026 की रात्रि लगभग 11:50 बजे गुलर पुल के पास वाहन चेकिंग की जा रही थी।
चेकिंग के दौरान एक बोलेरो पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें अवैध रूप से ले जाई जा रही चंडीगढ़ मार्का अंग्रेजी शराब की 60 पेटियां बरामद हुईं। इनमें 30 पेटी Discount Premium Whisky तथा 30 पेटी Rajdhani Whisky शामिल हैं। बरामद शराब की अनुमानित कीमत 50 हजार रुपये से अधिक बताई जा रही है।
मौके से वाहन चालक सोनू (22 वर्ष) निवासी ग्राम रसूलपुर भनेड़ा, जनपद बिजनौर तथा उसके साथी निपेंद्र (22 वर्ष) निवासी ग्राम मेमन, थाना किरतपुर, जनपद बिजनौर को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि उक्त शराब हरिद्वार के शिवालिक नगर क्षेत्र से श्रीनगर ले जाई जा रही थी।
पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वाहन संख्या UP 11BT-5027 को भी कब्जे में ले लिया गया है।
पुलिस के अनुसार मुख्य अभियुक्त सोनू के खिलाफ पूर्व में भी आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज है।
प्रभारी निरीक्षक प्रदीप चौहान, उप निरीक्षक अशोक रावत (चौकी प्रभारी गुलर), हेड कांस्टेबल ओमप्रकाश तथा कांस्टेबल नरेश तोमर ने कार्रवाई को सफल बनाया।

