नैनीताल में मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, घरों और दुकानों में घुसा पानी
रिपोर्ट। ललित जोशी
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल और उसके आसपास के क्षेत्रों में अचानक मौसम का मिजाज बिगड़ने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। सुबह तक आसमान साफ था और सूर्य के दर्शन से मौसम सुहावना हो गया था, लेकिन दोपहर करीब दो बजे अचानक तेज मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। बारिश इतनी तेज थी कि लोग जहां थे वहीं ठिठक गए और भीगने से बचने के लिए शरण लेनी पड़ी।
तेज बारिश के साथ घना कोहरा छा जाने से दृश्यता बेहद कम हो गई। नालियां जाम होने के कारण बारिश का पानी सड़कों पर बहने लगा, जिससे आम लोगों और पर्यटकों को खासी परेशानी झेलनी पड़ी।
तेज बारिश के चलते कई घरों और दुकानों में पानी घुस गया। वहीं, पहाड़ियों से मलबा और पत्थर गिरने की भी खबरें मिली हैं। हालांकि किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। बारिश के कारण ठंड भी बढ़ गई है। स्कूली बच्चों और उनके अभिभावकों को आवाजाही में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

