हरिद्वार पुलिस का बड़ा प्रहार, 35 लाख का चोरी हुआ 12 टायरा ट्रक बरामद

हरिद्वार। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हरिद्वार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली श्यामपुर पुलिस ने माइनिंग चेक पोस्ट से चोरी हुए करीब 35 लाख रुपये कीमत के 12 टायरा ट्रक को मुकदमा दर्ज होने के महज 48 घंटे के भीतर बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 24 अगस्त 2026 को श्यामपुर क्षेत्र स्थित माइनिंग चेक पोस्ट से 12 टायरा ट्रक चोरी हो गया था। मामले में कोतवाली श्यामपुर में मुकदमा अपराध संख्या 104/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने जांच तेज करते हुए 31 अगस्त 2026 को दो संदिग्धों शहजाद परवेज और हबीब खां को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने ट्रक चोरी की घटना स्वीकार की और बताया कि चोरी किए गए ट्रक को गैण्डीखाता क्षेत्र में गुर्जर बस्ती की ओर जंगल में छिपाकर रखा गया है।
उपनिरीक्षक गगन मैठाणी के नेतृत्व में पुलिस टीम दोनों आरोपियों को साथ लेकर मौके पर पहुंची। आरोपियों की निशानदेही पर गुर्जर बस्ती की ओर जाने वाले रास्ते के पास जंगली झाड़ियों में छिपाया गया लाल रंग का ओपन बॉडी 12 टायरा ट्रक बरामद कर लिया गया। आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए ट्रक की नंबर प्लेट भी हटा दी थी।
बरामदगी के दौरान बीएनएसएस की धारा 105 के प्रावधानों का पालन करते हुए ई-साक्ष्य एप के माध्यम से पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी की गई। ट्रक के चेसिस और इंजन नंबर का सत्यापन करने पर उसके चोरी किए गए वाहन से संबंधित होने की पुष्टि हुई।
वाहन बरामद होने के बाद मुकदमे में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए धारा 317(2), 3(5) और 61(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
बरामदगी: लाल रंग का 12 टायरा ओपन बॉडी ट्रक, अनुमानित कीमत ₹35 लाख।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष नितेश शर्मा, उपनिरीक्षक मनोज रावत, उपनिरीक्षक गगन मैठाणी, उपनिरीक्षक देवेन्द्र तोमर, एएसआई रविन्द्र गौड़ समेत पुलिसकर्मी एवं एसओजी हरिद्वार के जवान शामिल रहे।
