HTML tutorial
HTML tutorial

चमोली पुलिस का बड़ा प्रहार, 160 नाली अवैध भांग की खेती नष्ट

चमोली पुलिस का बड़ा प्रहार, 160 नाली अवैध भांग की खेती नष्ट
Spread the love

चमोली।  ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान के तहत चमोली पुलिस ने अवैध नशे के कारोबार और नशीले पदार्थों की खेती के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देशन में एसओजी चमोली, चौकी देवाल, समाज कल्याण विभाग और वन विभाग की संयुक्त टीम ने रामपुर और तोरती क्षेत्र में अवैध रूप से की जा रही भांग की खेती के खिलाफ अभियान चलाया।

संयुक्त टीम ने रामपुर और तोरती क्षेत्र के तीन अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए करीब 90 नाली भूमि पर की जा रही अवैध भांग की खेती को चिन्हित किया और मौके पर ही उसे नष्ट कर दिया। चमोली पुलिस के अनुसार, अभियान के तहत अब तक जिले में कुल 160 नाली अवैध भांग की खेती नष्ट की जा चुकी है।

कार्रवाई के दौरान संयुक्त टीम ने आसपास के क्षेत्रों में भी गहन निरीक्षण किया। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों को स्पष्ट चेतावनी दी कि अवैध रूप से भांग की खेती करना कानूनन अपराध है। इस प्रकार की गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

टीम ने ग्रामीणों को भांग के सेवन और इसके अवैध उत्पादन से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी भी दी। साथ ही लोगों से नशे के खिलाफ पुलिस का सहयोग करने और अपने आसपास प्राकृतिक रूप से उगी जंगली भांग को भी सामूहिक प्रयास से नष्ट करने की अपील की गई।

पुलिस ने क्षेत्र के युवाओं को नशे की गिरफ्त से दूर रखने और नशामुक्त वातावरण तैयार करने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। चमोली पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशे के अवैध कारोबार और नशीले पदार्थों की खेती के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नशामुक्त देवभूमि के संकल्प में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

देवभूमि खबर

Related articles