केदारनाथ यात्रा हो सुरक्षित साइबर ठगों पर बड़ा प्रहार, 471 फर्जी माध्यमों पर कार्रवाई
रुद्रप्रयाग। मुख्यमंत्री के निर्देशों पर केदारनाथ यात्रा 2026 को सुरक्षित बनाने के लिए रुद्रप्रयाग पुलिस की “साइबर फ्रॉड कम्बैट फोर्स” ने बड़ा अभियान चलाते हुए 471 संदिग्ध माध्यमों पर कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
यात्रा से पहले हेलीकॉप्टर सेवाओं और नामी कंपनियों के नाम पर ठगी करने वाले साइबर अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए 260 फेसबुक पेज चिन्हित किए गए, जिनमें से 205 को बंद करा दिया गया। साथ ही 16 इंस्टाग्राम खातों को ब्लॉक करने के लिए रिपोर्ट किया गया।
इसके अलावा ठगी में इस्तेमाल हो रहे 164 मोबाइल नंबरों को टेलीकॉम कंपनियों और व्हाट्सएप के माध्यम से ब्लॉक कराया गया। 5 संदिग्ध बैंक खातों की जांच में एक खाते को तत्काल डेबिट फ्रीज किया गया, जबकि अन्य खातों पर भी कार्रवाई जारी है।
हेलीकॉप्टर टिकट के नाम पर ठगी करने वाली 34 संदिग्ध वेबसाइट्स को भी रिपोर्ट कर बंद कराया गया है। पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही बुकिंग करें और किसी भी अनजान लिंक या सोशल मीडिया विज्ञापन के झांसे में न आएं।
पुलिस ने कहा कि किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें। प्रशासन ने सुरक्षित यात्रा के लिए सतर्क रहने की अपील की है।

