रामनगर में हत्या मामले में पुलिस का बड़ा एक्शन, दो आरोपी गिरफ्तार
रामनगर। हत्या के एक गंभीर मामले में रामनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। मामले की जांच अभी जारी है और अन्य आरोपियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
जानकारी के अनुसार 22 मई 2026 को सुमन देवी ने कोतवाली रामनगर में तहरीर देकर आरोप लगाया कि होशियार सिंह भण्डारी, दर्शन जोशी, कमल भट्ट, विशाल तथा काशीपुर के कुछ ठेकेदारों ने उनके पति का अपहरण कर उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज की तथा बाद में उनकी हत्या कर दी।
तहरीर के आधार पर कोतवाली रामनगर में एफआईआर संख्या 160/2026 के तहत धारा 103(1), 140(3), 115(2) एवं 352 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने मनोज कत्याल को घटना के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए, जिसके बाद पुलिस टीम का गठन किया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का निरीक्षण किया तथा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए। जांच में होशियार सिंह भण्डारी और विशाल सैनी की संलिप्तता सामने आने पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में होशियार सिंह भण्डारी निवासी रामनगर तथा विशाल सैनी निवासी कालाढूंगी शामिल हैं। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

