सहकारी समिति चुनावों में भाजपा का दबदबा-95% प्रबंध कमेटियों पर कब्जा
देहरादून।प्रदेश में बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि ऋण सहकारी समितियों (एम-पैक्स) के प्रबंध समितियों के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने भारी बहुमत के साथ विजय हासिल की है। राज्य की कुल 671 सहकारी समितियों में से 668 में कोरम पूर्ण कर प्रबंध कमेटियों का गठन किया गया, जिनमें अधिकांश स्थानों पर भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की।
सहकारी समितियों के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों पर भी भाजपा ने निर्णायक बढ़त लेते हुए सहकारिता क्षेत्र पर अपना मजबूत प्रभाव स्थापित किया है।
सहकारिता निर्वाचन प्राधिकरण के अनुसार प्रदेश की 671 एम-पैक्स में कुल 7381 वार्ड हैं, जिनमें से 6235 वार्डों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ। शेष वार्डों पर मतदान कराया गया। अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों की आज हुई मतगणना में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने एकतरफा जीत दर्ज की।
सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सहकार से समृद्धि’ के संकल्प की विजय बताया। उन्होंने कहा कि यह परिणाम सहकारिता क्षेत्र में पारदर्शिता, डिजिटलाइजेशन, दक्षता एवं किसानों, काश्तकारों, कारीगरों और महिलाओं तक योजनाओं की पहुँच का प्रत्यक्ष प्रमाण है। उन्होंने इसे ग्रामीण अर्थव्यवस्था सशक्त बनाने और सहकारी समितियों को आत्मनिर्भर व प्रभावी बनाने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि बताया।

