बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने किया सोनप्रयाग-गौरीकुंड भूस्खलन प्रभावित मार्ग का निरीक्षण, तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को लेकर दिए निर्देश

बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने किया सोनप्रयाग-गौरीकुंड भूस्खलन प्रभावित मार्ग का निरीक्षण, तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को लेकर दिए निर्देश
Spread the love

रुद्रप्रयाग/सोनप्रयाग। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने सोमवार को सोनप्रयाग के समीप केदारनाथ यात्रा मार्ग पर हुए भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जिला प्रशासन, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ को तीर्थयात्रियों की सहायता करने और अवरुद्ध मार्ग को शीघ्र खुलवाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में चारधाम यात्रा सकुशल रूप से संचालित हो रही है और सरकार का निरंतर प्रयास है कि सभी श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और सुखद रहे। उन्होंने भरोसा जताया कि केदारनाथ धाम की यात्रा शीघ्र ही सामान्य रूप से संचालित हो सकेगी।

निरीक्षण के दौरान बीकेटीसी अध्यक्ष ने तीर्थयात्रियों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और उन्हें मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा जारी रखने की अपील की। उन्होंने सोनप्रयाग से ही बाबा केदारनाथ को प्रणाम किया और भूस्खलन आपदा में दिवंगत यात्रियों की आत्मा की शांति हेतु श्रद्धांजलि अर्पित की।

बीकेटीसी अध्यक्ष श्री हेमंत द्विवेदी, उपाध्यक्ष विजय कपरवाण और वरिष्ठ सदस्य श्रीनिवास पोस्ती श्री केदारनाथ धाम में आयोजित श्रीमद्भागवत महापुराण कथा के समापन अवसर पर शामिल होने के लिए पहुंचे थे, लेकिन मार्ग अवरुद्ध होने के कारण वे धाम तक नहीं पहुंच सके।

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी अनिल शुक्ला, बदरीनाथ धाम प्रभारी अधिकारी विपिन तिवारी, तहसीलदार प्रदीप नेगी, सेक्टर मजिस्ट्रेट कृष्ण कांत सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles