रेडक्रॉस एवं थैलेसीमिया दिवस पर दून मेडिकल कॉलेज में रक्तदान शिविर आयोजित
देहरादून। विश्व रेडक्रॉस दिवस एवं थैलेसीमिया दिवस के अवसर पर राजकीय मेडिकल कॉलेज दून ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर रक्तदान किया और मानव सेवा के इस पुनीत कार्य में अपनी सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर उत्तराखंड रेड क्रॉस सोसाइटी के कोषाध्यक्ष एवं राज्य आंदोलनकारी ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों को नियमित रूप से रक्त की आवश्यकता होती है, इसलिए समाज के हर सक्षम व्यक्ति को आगे आकर रक्तदान करना चाहिए।
रक्तदान शिविर में अतुल कुमार, मनोज नौटियाल, तौसीफ, अफजाल, मनीष, सुनील और हरी सिंह सहित कई लोगों ने रक्तदान कर समाज को प्रेरणादायक संदेश दिया।
इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि रक्तदान महादान है और एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचा सकता है। उन्होंने लोगों से समय-समय पर रक्तदान कर मानवता की सेवा में अपना योगदान देने की अपील की।

