रायपुर और प्रेमनगर सीएचसी में शुरू हुई कार्डियक ओपीडी, ग्रामीण मरीजों को मिली बड़ी राहत

रायपुर और प्रेमनगर सीएचसी में शुरू हुई कार्डियक ओपीडी, ग्रामीण मरीजों को मिली बड़ी राहत
Spread the love

देहरादून। राजधानी देहरादून के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रेमनगर और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रायपुर में विशेषज्ञ कार्डियक ओपीडी की शुरुआत की गई है।

नई व्यवस्था के तहत अब हृदय रोग से पीड़ित मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही विशेषज्ञ डॉक्टरों की सलाह और जांच की सुविधा मिल रही है। इससे ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को दून और कोरोनेशन अस्पताल के बार-बार चक्कर लगाने से राहत मिलेगी।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार दोनों स्वास्थ्य केंद्रों में कार्डियोलॉजिस्ट की सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही मात्र 150 रुपये शुल्क पर ईसीजी जांच की सुविधा भी शुरू की गई है। अब तक 35 से अधिक मरीज ईसीजी जांच का लाभ उठा चुके हैं।

प्रेमनगर सीएचसी में प्रत्येक बुधवार तथा रायपुर सीएचसी में प्रत्येक शुक्रवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक हृदय रोग विशेषज्ञ मरीजों की जांच और परामर्श दे रहे हैं। इससे बड़े सरकारी अस्पतालों पर मरीजों का दबाव कम करने में भी मदद मिलेगी।

जोगीवाला निवासी नीरज प्रसाद डबराल ने अपनी माताजी के इलाज के दौरान इस सुविधा की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण और गरीब परिवारों के लिए यह पहल बेहद लाभकारी है। उन्होंने बताया कि डॉक्टरों ने उनकी माताजी की जांच कर ईसीजी कराया, जिसकी रिपोर्ट सामान्य आई।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी मनोज शर्मा ने बताया कि वेलमेड अस्पताल⁠� के हृदय रोग विशेषज्ञों के सहयोग से प्रेमनगर सीएचसी में अब तक तीन सफल ओपीडी संचालित की जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि 100 से अधिक मरीजों को विशेषज्ञ परामर्श दिया जा चुका है और लोगों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।

रायपुर सीएचसी में कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. नीलेश चंद्र पांडे ने बताया कि यहां भी लगातार तीन ओपीडी सफलतापूर्वक संचालित हुई हैं और ग्रामीण क्षेत्रों से अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे लोगों को इस सुविधा की जानकारी मिलेगी, वैसे-वैसे अधिक मरीज इसका लाभ लेने पहुंचेंगे। उन्होंने बताया कि मरीजों को उपचार, विशेषज्ञ परामर्श और ईसीजी जांच जैसी सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे समय और आर्थिक खर्च दोनों में राहत मिल रहीहै।

देवभूमि खबर

Related articles