प्रेमनगर में 55 लाख की धोखाधड़ी का मामला, थाने में हंगामा व पुलिस से मारपीट; आरोपी गिरफ्तार
देहरादून। थाना प्रेमनगर क्षेत्र में धोखाधड़ी, चोरी और सरकारी कार्य में बाधा डालने का गंभीर मामला सामने आया है। 9 अप्रैल 2026 को यशपाल सिंह निवासी श्यामपुर अंबीवाला ने कोतवाली प्रेमनगर में तहरीर देकर प्रवीण सेमवाल व उसकी पत्नी प्रतीक्षा सेमवाल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के अनुसार, प्रवीण सेमवाल वर्ष 2020 से आवेदक के यहां कार्यरत था और उस पर पूर्ण विश्वास किया जाता था। आरोप है कि प्रवीण ने अपनी पत्नी प्रतीक्षा सेमवाल और साले आकाश के साथ मिलकर आपराधिक षड्यंत्र रचते हुए ऑफिस के कैश काउंटर की नकली चाबी बनवाई और वहां से नकदी चोरी की। साथ ही, रोड़ी, बजरी, सीमेंट व अन्य निर्माण सामग्री को बिना जानकारी बेचा और धनराशि हड़प ली। जनवरी 2026 में हिसाब-किताब की जांच के दौरान करीब 55 लाख रुपये की अनियमितता सामने आई।
पीड़ित के अनुसार, पूछताछ पर आरोपियों ने 20 लाख रुपये लौटाने के लिए लिखित समझौता भी किया, लेकिन बाद में उससे मुकर गए और समझौते को दबाव में कराया बताया। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी प्रवीण सेमवाल को थाने बुलाया, जिसके बाद उसकी पत्नी प्रतीक्षा सेमवाल अपने भाई आकाश के साथ थाने पहुंची और हंगामा करने लगी।
पुलिस के मुताबिक, प्रतीक्षा सेमवाल और उसके भाई ने थाने में शोर-शराबा करते हुए वीडियो बनाना शुरू किया तथा महिला उपनिरीक्षक शोभा मेहता के साथ अभद्र व्यवहार किया। विरोध करने पर प्रतीक्षा सेमवाल द्वारा महिला अधिकारी के साथ मारपीट कर भागने का प्रयास किया गया और पुलिसकर्मियों से हाथापाई की गई।
इस संबंध में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, अभद्रता, मारपीट, गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि सीसीटीवी फुटेज के अनुसार प्रतीक्षा सेमवाल स्वयं अपने भाई के साथ थाने आई थी, उसे पुलिस द्वारा लाया नहीं गया था।

