चकराता पुलिस ने 448.5 ग्राम चरस के साथ 21 वर्षीय युवक को किया गिरफ्तार

देहरादून। जनपद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चकराता पुलिस ने एक युवक को 448.5 ग्राम अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, उच्चाधिकारियों के निर्देश पर नशा तस्करों के विरुद्ध लगातार चेकिंग और दबिश अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 29 अक्टूबर 2026 को चकराता पुलिस टीम ने पाटीधार रोड पर चेकिंग के दौरान लोकेन्द्र (21 वर्ष) पुत्र कर्ण बहादुर, निवासी हटाड़ छजाड़, थाना एवं तहसील त्यूणी, देहरादून को रोका। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 448.5 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध कोतवाली चकराता में मुकदमा अपराध संख्या 21/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया है। पुलिस का कहना है कि जनपद को नशामुक्त बनाने के लिए अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक कुलदीप सिंह, अपर उपनिरीक्षक युद्धवीर सिंह, कांस्टेबल बिजेन्द्र शाह और कांस्टेबल जयेन्द्र राणा शामिल रहे।


