फर्जी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित प्रमाण पत्र प्रकरण में लेखपालों पर कार्रवाई का विरोध, 25 सितंबर से प्रमाण पत्रों के बहिष्कार का ऐलान

देहरादून। उत्तराखंड लेखपाल संघ की प्रदेश कार्यकारिणी की आपात बैठक बुधवार को लेखपाल सभागार, तहसील सदर देहरादून में प्रदेश अध्यक्ष देवेश घिल्डियाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जनपद देहरादून में कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर जारी किए गए फर्जी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित प्रमाण पत्रों के मामले में लेखपालों के विरुद्ध की गई कार्रवाई पर विरोध जताया गया।
बैठक में देहरादून जिला कार्यकारिणी द्वारा 25 सितंबर 2026 से सभी प्रकार के प्रमाण पत्रों के बहिष्कार के निर्णय का प्रदेश कार्यकारिणी ने समर्थन किया। संघ पदाधिकारियों ने कहा कि मैदानी क्षेत्रों में अत्यधिक जनसंख्या घनत्व के कारण प्रत्येक लेखपाल की आईडी पर प्रतिदिन 50 से 100 तक प्रमाण पत्र आते हैं। ऐसे में प्रत्येक आवेदक के घर जाकर दस्तावेजों का सत्यापन करना व्यावहारिक रूप से संभव नहीं है। लेखपाल आवेदकों द्वारा ऑनलाइन अपलोड किए गए दस्तावेजों के आधार पर ही अपनी आख्या देने के लिए बाध्य हैं।
प्रदेश अध्यक्ष देवेश घिल्डियाल ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता सहित आधुनिक तकनीक के माध्यम से दस्तावेजों में कूटरचना या छेड़छाड़ किए जाने की स्थिति में आवेदक द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों के आधार पर प्रमाण पत्र जारी करने वाले लेखपालों को दोषी ठहराना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर जारी फर्जी प्रमाण पत्रों के मामले में लेखपालों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाती है तो संघ प्रदेश के समस्त मैदानी क्षेत्रों में प्रमाण पत्रों के बहिष्कार के लिए विवश होगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
संघ ने मांग की कि मामले में केवल लेखपालों के विरुद्ध कार्रवाई करने के बजाय फर्जी प्रमाण पत्र हासिल करने वाले आवेदकों के साथ-साथ संबंधित जन सुविधा केंद्र संचालकों तथा इस पूरे प्रकरण में शामिल अन्य व्यक्तियों या गिरोह के खिलाफ भी कार्रवाई की जाए। पदाधिकारियों ने कहा कि लेखपाल पहले से ही अत्यधिक कार्यदबाव में काम कर रहे हैं और कई लेखपालों के पास दो-दो क्षेत्रों का कार्यभार है।
बैठक में मीडिया से भी प्रकरण की पूरी जानकारी और तथ्यों की पड़ताल करने के बाद ही समाचार प्रकाशित करने की अपील की गई। संघ पदाधिकारियों ने कहा कि कुछ समाचार पत्रों में पूरे प्रकरण की जिम्मेदारी लेखपालों पर डालना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने मीडिया से मामले के सभी पक्षों की जानकारी लेकर तथ्यात्मक खबर प्रकाशित करने का अनुरोध किया।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष देवेश घिल्डियाल, प्रदेश महामंत्री मेजर सिंह चौहान, प्रदेश उपाध्यक्ष मंजू बिष्ट, उम्मेद सिंह, प्रदेश संगठन मंत्री रविंद्र दत्त सेमवाल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सेवानिवृत्त हुकुमचंद पाल, पूर्व जिला अध्यक्ष सेवानिवृत्त सगत सिंह सैनी, हीरा सिंह बिष्ट, आनंद सिंह रावत, मनोज मिश्रा, भोला सिंह, सुनील चौधरी, रिजवान हसन, हरिद्वार के जिला अध्यक्ष सुंदर सिंह तोमर, ऊधमसिंहनगर की जिलामंत्री इंदु भट्ट और देहरादून के जिला अध्यक्ष जयपाल सिंह रावत सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।


