मुख्यमंत्री धामी ने चमोली को दी ₹155.36 करोड़ की 63 विकास योजनाओं की सौगात, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा को मिलेगी नई रफ्तार

गोपेश्वर (चमोली)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को सेवा, सुशासन एवं समर्पण सेवा पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम में जनपद चमोली को ₹155.36 करोड़ की 63 विकास योजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने ₹113.99 करोड़ की 36 योजनाओं का शिलान्यास तथा ₹41.37 करोड़ की 27 योजनाओं का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सड़क, पुल, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, बाढ़ सुरक्षा, पशुपालन, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने चमोली को धार्मिक, सांस्कृतिक और सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण जनपद बताते हुए इसके सर्वांगीण विकास के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
शिलान्यास की गई प्रमुख परियोजनाओं में जोशीमठ-नीति मार्ग पर स्टील ट्रस पुल, लंगसी-द्वींग-तपोवन-लांजी-पोखनी मोटर मार्ग पर 78 मीटर लंबा स्टील सेतु, विभिन्न मोटर मार्गों का निर्माण एवं विस्तार, नंदानगर की पर्वतीय नहरों का पुनरोद्धार, अनेक बाढ़ सुरक्षा योजनाएं, मॉडल राजकीय पशु चिकित्सालय नंदप्रयाग, पशु चिकित्सालय तलवाड़ी, सामुदायिक भवन, पार्किंग, विद्यालय भवन तथा कई स्टील गर्डर पुल और सड़क परियोजनाएं शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने जिन 27 योजनाओं का लोकार्पण किया, उनमें गैरसैंण मुख्य मार्ग का सौंदर्यीकरण, विभिन्न मोटर मार्गों का निर्माण एवं डामरीकरण, स्वास्थ्य संस्थानों में डीआईपीएचएल भवन, विद्यालयों में पुस्तकालय, विज्ञान प्रयोगशालाएं एवं आर्ट एंड क्राफ्ट कक्ष, ट्राउट हैचरी, गोपेश्वर स्पोर्ट्स स्टेडियम में बैडमिंटन हॉल, कल्पेश्वर पाथवे एवं आर्क ब्रिज, सहकारी समिति भवन तथा विभिन्न मोटर मार्गों के उन्नयन कार्य शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन विकास योजनाओं से जनपद में सड़क संपर्क, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा, खेल, पर्यटन, मत्स्य पालन और आधारभूत सुविधाओं को नई मजबूती मिलेगी तथा स्थानीय लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

