मुख्यमंत्री धामी ने जनता मिलन कार्यक्रम में सुनी प्रदेशभर से आई शिकायतें, कहा— प्रशासन को जनता के और करीब लाना ही हमारा लक्ष्य
देहरादून।राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष उत्सव के बाद मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने जनसंवाद की गति और तेज कर दी है। इसी क्रम में मंगलवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में उन्होंने प्रदेशभर से आए लोगों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता से प्राप्त शिकायतों एवं मांगों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और हर स्तर पर नियमित फीडबैक लिया जाए। उन्होंने कहा कि यह अवसर प्रशासन को जनता के और करीब ले जाने का माध्यम बनना चाहिए।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार का प्राथमिक लक्ष्य जनता की समस्याओं का समयबद्ध और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करना है। इसके लिए प्रत्येक विभाग को जिम्मेदारीपूर्वक, संवेदनशील और सक्रिय भूमिका निभानी होगी ताकि जन अपेक्षाओं के अनुरूप बेहतर प्रशासनिक सेवा प्रदान की जा सके। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायत निवारण की प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी और तकनीकी रूप से सुलभ बनाया जाए ताकि आम नागरिक को त्वरित राहत मिल सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य का रजत जयंती वर्ष जनभागीदारी और संवाद का एक महत्वपूर्ण अवसर है। इस दौरान जनता से प्राप्त सुझावों और मांगों को नीति निर्माण की प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा ताकि शासन की योजनाएं जनभावनाओं के अनुरूप बन सकें। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि विकास योजनाओं का सीधा लाभ राज्य के हर नागरिक तक शीघ्रता से पहुंचे।
मुख्यमंत्री धामी ने जनता से आह्वान किया कि वे राज्यहित में रचनात्मक सुझाव दें और जनसेवा के प्रयासों में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि सरकार की हर नीति और निर्णय का मूल उद्देश्य जनता का हित और प्रदेश का समग्र विकास है।
